राजधानी पटना से हैरान करने वाली घटना सामने आई. दानापुर में आरा-पटना मेमू ट्रेन की बोगियों से कई सीटें गायब हैं. ट्रेन संख्या 63214 में सीटों की जगह सिर्फ उनका ढांचा बचा है. इसके बावजूद ट्रेन चलाई जा रही है. ऐसे में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है. बुजुर्गों, महिलाओं और लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है. सीटें चोरी होने की आशंका जताई जा रही है.
सीटें गायब, यात्रियों को नहीं मिल रही बैठने की जगह
आरा-पटना मेमू ट्रेन से रोजाना बड़ी संख्या में लोग नौकरी, कारोबार और दूसरे जरूरी कामों के लिए सफर करते हैं. लेकिन ट्रेन की कई बोगियों में बैठने वाली सीटें गायब हैं. कुछ सीटें टूटी हुई भी बताई जा रही हैं. यात्रियों का कहना है कि वे पूरा किराया देते हैं, लेकिन ट्रेन में बैठने तक की सुविधा नहीं मिलती. यात्रियों के मुताबिक, ट्रेन में पहले से भीड़ रहती है और कई बार ट्रेन लेट भी होती है. ऐसे में बोगियों से सीटें गायब होने के कारण उनकी परेशानी और बढ़ जाती है. कुछ यात्रियों ने बताया कि उन्होंने लगातार दो दिनों तक ट्रेन में सीटों की यह स्थिति देखी है. शिकायत करने के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई.
यात्रियों ने रेलवे से की व्यवस्था सुधारने की मांग
ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों ने बताया कि सीटें नहीं होने से उन्हें खड़े होकर सफर करना पड़ता है. उन्होंने रेलवे प्रशासन से जल्द सीटें लगवाने और बोगियों की नियमित जांच कराने की मांग की है. मामले पर जब दानापुर मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार से सवाल किया गया, तो उन्होंने ट्रेन में सीटों की ऐसी स्थिति को गलत बताया. DRM ने मामले की जांच कराने और व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति वाली बोगी को हटाया जाएगा.
